सोनीपत। गांव असावरपुर में मंगलवार को कब्जा लेने पहुंची हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम को देखकर ग्रामीण सुनील (48) 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। वह तीसरे दिन भी नहीं उतरे। भूखे-प्यासे टावर पर बैठे ग्रामीण ने साफ कह दिया है कि लिखित आश्वासन या वैकल्पिक जमीन मिलने तक वह नीचे नहीं उतरेंगे। उनके समर्थन में ग्रामीणों के साथ ही राजनीतिक दलों व संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है। एचएसवीपी की टीम गांव असावरपुर में वर्ष 2006 में अधिग्रहित की गई जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंची तो बुलडोजर को देखकर सुनील घर के पास ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। उन्होंने नीचे कूदने की धमकी दी थी। इस पर कार्रवाई रोक दी गई थी मगर सुनील की भाभी सोमिल के स्कूल के कमरे को गिरा दिया था।