आलू प्रौद्योगिकी केंद्र शामगढ़ में आज दो दिवसीय चौथे आलू मेले का शुभारंभ बागवानी विभाग के अध्यक्ष डा. अर्जुन सिंह सैनी ने किया। मेले में 600 से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया। इस मौके पर सैनी ने किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही आलू एक्सपो के महत्त्व, आलू बीज उत्पादन की उन्नत तकनीकों तथा किसानों की आय वृद्धि पर प्रकाश डाला। मेले में लक्की ड्रा का आयोजन भी किया गया जिसमें पांच किसानों को पुरस्कार स्वरूप दोहरी बैटरी संचालित स्प्रे पंप प्रदान किए गए। आलू प्रौद्योगिकी केंद्र में मिट्टी के साथ साथ हवा में झूलने वाले आलू तैयार हो रहे है। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. मनोज भानुकर ने बताया कि मेले में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की करीब 20 कंपनियों द्वारा आलू उत्पादन, बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि यंत्र तथा नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया। विभागाध्यक्ष डा. अर्जुन सैनी ने मेले में लगाए स्टाल्स का भ्रमण करते हुए कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं किसानों से संवाद किया। उन्होंने प्रदर्शित तकनीकों, उत्पादों व सेवाओं की जानकारी ली। किसानों से उनकी समस्याओं, अनुभवों और अपेक्षाओं पर चर्चा की। डा. सैनी ने किसानों को उन्नत किस्मों, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। कंपनियों को किसानों की आवश्यकता के अनुरूप समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।