जमीन विवाद में बड़ागांव में वीरवार दोपहर करीब 12 बजे पोते सोनू ने अपने दादा 70 वर्षीय दर्शन सिंह की चार गोलियां मारकर हत्या कर दी। आरोपी बाइक से दादा को घर के पास बने पशुबाड़े में ले गया और वहां उन पर नजदीक से गोलियां चला दी जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से बाइक पर सवार होकर बुढ़ाखेड़ा क्षेत्र पहुंचा, जहां बाइक छोड़कर भाग गया। मृतक के बेटे और आरोपी के चाचा सुरेश पाल की शिकायत पर कुंजपुरा थाना पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। मृतक दर्शन सिंह की बड़ी बेटी नारो ने बताया कि 11 एकड़ जमीन में उनकी मां के नाम करीब ढाई एकड़ जमीन थी जबकि शेष जमीन पिता दर्शन सिंह के नाम दर्ज थी। पहले दर्शन सिंह ने एक हलफनामा तैयार किया हुआ था। बाद में बड़े बेटे की मृत्यु होने के बाद उसकी पत्नी और बेटों को जमीन के हिस्से के बदले धनराशि दे दी गई थी। इसके बाद दर्शन सिंह ने पूर्व में किए गए हलफनामे को निरस्त कर दिया और करीब पांच एकड़ जमीन को सभी वारिसों में बराबर बांटने का निर्णय लिया। आरोप है कि इसी फैसले से पोता सोनू नाराज चल रहा था। सोनू चाहता था कि उनके दादा उन्हें दो एकड़ जमीन और दें। इसी रंजिश में उसने यह वारदात की।