हिसार के सूर्य नगर निवासी व डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड की आंच अब पूरे प्रदेश में फैल गई है। अब प्रदेश भर से लोग पीड़ित परिवार को अपना समर्थन देने के लिए हिसार आ रहे हैं। बुधवार को हुई महापंचायत में भी ऐसा ही देखने को मिला। इस महापंचायत में सिर्फ हिसार से ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई जिलों से खाप पंचायतों के प्रतिनिधि पहुंचे और उन्होंने इस आंदोलन को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर हुई महापंचायत में प्रदेश भर से खाप पंचायतों, किसान संगठनों, मजदूर व कर्मचारी संगठनों के लोग पहुंचे। इस दौरान लोगों में इस हत्याकांड को लेकर काफी रोष नजर आया। लोगों का यह रोष उनके भाषणों में भी दिखा। लोग सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर बोले। जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी भी महापंचायत में पहुंचे और इस मामले में सरकार व प्रशासन को घेरा। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इस मामले को लेकर अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा महापंचायत में रखा लेकिन यह कार्रवाई लोगाें के गुस्से को कम नहीं सकी। आखिर में महापंचायत ने फैसला लिया कि 14 अगस्त को प्रदेश भर के टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर हाईवे को जाम किया जाएगा। इसके बाद भी अगर सरकार उनकी नहीं सुनती है तो 15 अगस्त को मुख्यमंत्री को हांसी में झंडा नहीं फहराने दिया जाएगा।