हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर अब राज्य की इलेक्ट्रिक बसों में भी छात्रों को मुफ्त बस सेवा का लाभ मिलेगा। सीएम सैनी ने इस बात को स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को इसके लिए कोई नई प्रक्रिया नहीं अपनानी होगी। छात्रों के पास मौजूद मौजूदा 'हरियाणा रोडवेज स्टूडेंट बस पास' ही इन नई इलेक्ट्रिक बसों में पूरी तरह से मान्य होगा। सरकार के इस कदम से प्रदेश के हजारों छात्रों को अपने दैनिक आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।