महिला पुलिस थाने के बाहर 25 नवंबर को हुए विस्फोटक हमले के मामले में एसआईटी ने आरोपियोंं को ग्रेनेड देने के आरोपी गली बजाज पैलेस वाली तरनतारन रोड अमृतसर (पंजाब) निवासी गुरजंट सिंह को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एसआईटी की टीम आरोपी गुरजंट सिंह को गिरफ्तार कर सिरसा पहुंची। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईटी की पूछताछ में गुरजंट सिंह ने खुलासा किया है कि उसने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी व उसके राइट हैंड सोहेल के कहने पर सिरसा के गांव खारिया निवासी धीरज व विकास को अमृतसर में ग्रेनेड दिया था। गुरजंट सिंह ने यह भी खुलासा किया है कि डॉन शहजाद भट्टी ने उसे ग्रेनेड देने के लिए पट्टी तरनतारन निवासी राजबीर को बोला था। राजबीर ने उसे व्हाट्सएप कॉल की थी। उसने कहा कि भट्टी भाई की कॉल आई थी, उन्होंने तुम्हें सामान देने को कहा है। इसके बाद राजबीर ने उसे दो ग्रेनेड देकर गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्त में आए आरोपी ने स्वीकार किया है कि 18 नवंबर को वह स्विफ्ट कार में आरोपी धीरज, विकास, विक्की, सुशील व संदीप को लुधियाना से अमृतसर लेकर आया था। यहां गुरजंट ने उनके ठहरने से लेकर खाने-पीने का प्रबंध करके दिया। 22 नवंबर को उसने धीरज व विकास को दो ग्रेनेड कपड़े में लपेट कर दिए। पुलिस रिमांड के दौरान एसआईटी आरोपी से स्विफ्ट कार, बाइक व उसके मोबाइल की बरामदगी करेगी। इसके अलावा उसे अमृतसर ले जाकर निशानदेही कराई जाएगी।