हरियाणा के चरखी दादरी स्थित सिटी पुलिस स्टेशन के बाहर 6 अगस्त को हुई गोलीबारी के मामले में घायल एक व्यक्ति की गुरुग्राम के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कीर्तिमान के रूप में हुई है। उसकी मौत के बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 103 जोड़ दी है। जानकारी के अनुसार, कीर्तिमान उन सात लोगों में शामिल था, जो अदालत में सुनवाई के बाद SUV से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस स्टेशन के पास तीन हथियारबंद हमलावरों ने वाहन पर करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी। हमले में SUV सवार सभी सात लोग घायल हुए थे और वाहन पर गोलियों के निशान भी मिले थे। कीर्तिमान को कई गोलियां लगी थीं। उसे पहले PGIMS रोहतक ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चरखी दादरी के DSP साहिल ढिल्लो के मुताबिक, पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन कथित शूटर अभी फरार हैं। पुलिस ने करीब छह टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर रखी है। पुलिस ने कथित मुख्य साजिशकर्ता विश्वजीत उर्फ दिल्लू समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस हमले में इस्तेमाल हथियार और वाहनों की बरामदगी के साथ वारदात के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।