एएसआई संदीप कुमार लाठर के शव का गुरुवार को पीजीआई में डेढ़ घंटे पोस्टमार्टम चला। फॉरेंसिक साइंस विभाग के तीन डॉक्टरों के पैनल ने सिर में लगी गोली का पता लगाने के लिए तीन बार एक्स-रे किया लेकिन गोली नहीं मिली। पुलिस अब घटनास्थल की मेटल डिटेक्टर से जांच करके गोली का पता लगाने का प्रयास करेगी। डॉक्टरों के मुताबिक, संदीप ने दाईं कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी थी। यह सिर के अंदरूनी हिस्सों को चीरते हुए बाईं तरफ कान के ऊपर से आर-पार निकल गई। संदीप की मौत की वजह सिर से अधिक खून बहना ही बनी। शुरू में डॉक्टरों को अंदेशा था कि सिर में मारी गई गोली कहीं अंदर ही हड्डियों के बीच न फंसी हो। इसका पता लगाने के लिए डॉ. लव की देखरेख में तीन सदस्यीय बोर्ड ने डेढ़ घंटे में तीन बार सिर का एक्स-रे कराया। हालांकि, गोली नहीं मिली।