राज्यसभा चुनाव के बीच हरियाणा कांग्रेस से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को विधानसभा चुनाव का टिकट दिलाने के नाम पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनसे पैसे लिए थे।गौरव कुमार का दावा है कि इस मामले से जुड़े चैट उनके पास मौजूद हैं। उनका कहना है कि उन चैट में संबंधित नेताओं ने खुद पैसे लेने की बात स्वीकार की है। हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गौरव कुमार ने कहा कि वह राहुल गांधी को यह दिखाना चाहते हैं कि पार्टी के भीतर कुछ वरिष्ठ नेता क्या कर रहे हैं? या तो उनके साथ गलत हो रहा है या फिर यह सब शीर्ष नेतृत्व की जानकारी में हो रहा है।सुचित्रा देवी ने बताया कि उन्होंने करीब 12 दिन पहले ही पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया था लेकिन अभी तक उसे स्वीकार नहीं किया गया है।