खेतों से बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को गांव धनाना में भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक ग्रामीण जाम में डटे रहे। इसकी वजह से भिवानी-जींद मार्ग पर वाहनों का भी लंबा जाम लग गया। मौके पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता पहुंचे। जिनके साथ ग्रामीणों की खूब नोंकझोंक हुई। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले तीन दिनों से सिंचाई विभाग के जेई और एसडीओ को फोन कर पानी निकासी के इंजन चलाने के लिए डीजल की मांग की जा रही है। लेकिन अधिकारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे। वहीं सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता जितेंद्र मान ने ग्रामीणों की बात सुनी और फिर कहा कि ड्रेन के किनारे मिट्टी से मजबूत कराने के साथ-साथ पानी निकासी के लिए स्पेशल मशीनें लगाई गई हैं। गांव धनाना में पिछले एक माह से खेतों में छह से सात फीट तक बरसाती पानी जमा है। इसी को लेकर ग्रामीणों का शनिवार सुबह गु़स्सा फूट पड़ा और साढ़े 10 बजे से लेकर साढ़े 12 बजे तक भिवानी-जींद मार्ग पर जमा लगाए रखा। मौके पर मौजूद पुलिस ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। वहीं कार्यकारी अभियंता के आश्वासन व पानी निकासी का काम शुरू कराने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला।