गांव पहाड़ी में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रि मेले को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने मेले स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले विधिवत पूजा-अर्चना की तथा इसके उपरांत मेले की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी सुमित कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर सिवानी के डीएसपी आर्यन चौधरी, थाना प्रभारी मुरारी लाल, बहल थाना प्रभारी सुनील कुमार, सिक्योरिटी इंचार्ज मनोज कुमार,जितेंद्र,सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।