लोहारू शहर इन दिनों सफाई व्यवस्था ठप होने से गंभीर हालात का सामना कर रहा है। नगर पालिका में ठेका प्रथा के तहत कार्यरत सफाई कर्मचारी लगातार चौथे दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में कर्मचारियों ने कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया है, जिसके कारण शहर की गलियों, मोहल्लों और मुख्य बाजारों में कचरे के ढेर लग गए हैं। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे रोजाना तड़के उठकर शहर की सफाई में जुट जाते हैं। सर्दी, गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन लगातार तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हड़ताल पर शामिल कर्मचारियों में सुरेंद्र शर्मा, प्रभात वाल्मीकि, अशोक, संजय, सूरज, विजय, उत्तम, राहुल, सतपाल, कुलदीप और नरोत्तम सहित कुल 15 कर्मचारी शामिल हैं। सभी का कहना है कि जब तक बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।