भिवानी। संयुक्त कर्मचारी मोर्चा के आह्वान पर वीरवार को भिवानी, लोहारू और बवानीखेड़ा में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। तीन दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सफाई नहीं होने से शहरों में कूड़े के ढेर लगे वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगे पूरी नहीं हुई तो अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। सफाई कर्मचारियों ने सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए अपनी 17 लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। सफाई कर्मचारी यूनियन नेता अनिल व पुरुषोत्तम दानव ने बताया कि कर्मचारियों ने 6, 7 और 8 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया है। यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। बारिश के बाद सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे वहीं तीन दिनों तक कूड़ा उठान नहीं किए जाने का भी सफाई कर्मचारियों ने ऐलान किया। संवाद