नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा फूट रहा है। इसी कड़ी में भिवानी के स्थानीय चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांग्यान ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एनटीए पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हुई इस भारी धांधली ने देश के 22 लाख से अधिक ईमानदार और मेहनती छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। जो छात्र वर्षों तक दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, उनके सपनों को कुछ हजार रुपयों के लिए सोशल मीडिया प्लेट फार्म पर सरेआम बेच दिया गया। यह देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सबसे बड़ा कलंक है। लगातार हो रहे पेपर लीक यह साबित करते हैं कि केंद्र सरकार और एनटीए परीक्षाओं को निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने में पूरी तरह विफल हो चुकी हैं।