भिवानी के दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के सामने पिछले 65 वर्षों से रोजी-रोटी कमा रहे छह परिवारों को जबरन हटाने के विरोध में मामला अब राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। शुक्रवार को सातवें दिन धरना जारी रहा। धरने पर बैठे प्रभावित परिवारों ने जमकर नारेबाजी की और इंसाफ की गुहार लगाई। शुक्रवार को धरने को मजबूती देने के लिए माकपा के जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश, युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान सहित जननायक जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। धरना स्थल पर पहुंचे माकपा जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश, युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल प्रधान, जजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज और हल्का प्रधान प्रदीप गोयल ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले 65 वर्षों से जो परिवार यहां पूरी ईमानदारी से अपनी आजीविका चला रहे हैं, उन्हें उजाडऩे के लिए भाजपा के तथाकथित नेता पुलिस बल को साथ लेकर पहुंच गए। यह कदम न केवल पूरी तरह गैर-कानूनी है, बल्कि हमारी न्याय और सुरक्षा प्रणाली पर भी एक बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।