पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुरेंद्र सभ्रवाल ने शुक्रवार को प्रयास स्पेशल स्कूल में जाकर स्पेशल बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। सभ्रवाल ने बच्चों को उपहार भेंट कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और इस पुनीत पर्व की खुशियां उनके साथ साझा कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या संस्कृति जैन ने की। इस अवसर पर सुरेंद्र सभ्रवाल ने बच्चों को अपनी ओर से मिठाइयां, फल, और खिलौने दिए, जिससे स्कूल का माहौल खुशनुमा हो गया। ट्रस्ट के संस्थापक सभ्रवाल ने बताया कि दीपावली प्रकाश और खुशियों का त्योहार है, और इसकी रोशनी समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। सभ्रवाल ने कहा कि ये बच्चे विशेष है और इन्हें समाज के सामान्य बच्चों से कहीं अधिक प्यार और अपनत्व की आवश्यकता होती है। इनके साथ त्योहार मनाना ना केवल इन्हें खुशी देता है, बल्कि हमें भी संतुष्टि और आंतरिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें यह संदेश देता है कि हमें अपने आस-पास के उन लोगों की खुशियों का भी ध्यान रखना चाहिए जो किसी कारणवश मुख्यधारा से थोड़ा अलग हैं। इस अवसर पर मोनिका, सुशीला, शिखा, सुनीता, आशा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।