चौधरी बंसीलाल कॉलेज द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता एवं सेवा कार्यों में भाग लिया। शिविर के अंतर्गत थाना परिसर लोहारू में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, नशा उन्मूलन, धोखाधड़ी से बचाव तथा आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया का गलत उपयोग, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक के माध्यम से लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने और विपरीत परिस्थितियों में साहस और समझदारी से काम लेने की प्रेरणा दी।