शहर के देवसर चुंगी से पूर्व पार्षद राजकुमार के आवास तक नगर परिषद ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाया। इससे पहले नगर परिषद ने इस इलाके में मुनादी भी कराई थी, जिसमें लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए चेताया गया था। अब इस क्षेत्र में 26 लाख के बजट से नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। घरों के आगे बने रैंप और चबूतरे तोड़ने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। भिवानी नगर परिषद के पटवारी संदीप ने बताया कि शहर के देवसर चुंगी से लेकर पूर्व पार्षद राजकुमार के मकान तक नई गली का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 26 लाख से अधिक का खर्च आएगा। इसका टेंडर भी हो चुका है। इसलिए अब इस गली में निर्माण कार्य के आड़े आने वाले अतिक्रमण को हटाया गया है। इससे पहले नगर परिषद की तरफ से मुनादी कराकर लोगों को खुद अतिक्रमण हटाने का भी अनुरोध किया जा चुका है। दरअसल गली के अंदर लोगों ने ऊंचे मकान बनाकर करीब सात से आठ फीट आगे तक चबूतरे बनाए हुए थे। जिनकी वजह से सड़क निर्माण का काम भी संभव नहीं था। इसी के चलते शुक्रवार को नगर परिषद के दस्ते ने जेसीबी के साथ घरों के आगे बने चबूतरों को तोड़ डाला। कुछ लोगों ने नगर परिषद के इस कदम को सही बताया तो कुछ लोगों के चबूतरे टूटने से इसका विरोध भी दर्ज कराया।