कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने बुधवार को तोशाम क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया और किसानों की समस्याओं को सुना। चौधरी ने इस दौरान मंडियों का भी दौरा किया और जल्द से जल्द बाजरे की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग की। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने अपने दौरे के दौरान मौजूदा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार किसानों की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने डीएपी की कमी, खाद-बीज पर जीएसटी और अन्य किसान संबंधित मुद्दों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। किसानों ने कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी के सामने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि सरकार ने ट्रैक्टरों, खाद, बीज सहित तमाम कृषि उपकरणों और वस्तुओं पर भारी-भरकम टैक्स लगाए, लेकिन किसान कभी इन टैक्सों से नहीं घबराया। किसानों ने हर मुश्किल को सहा, लेकिन आज जब उनकी मेहनत की फसल (बाजरा) कटकर मंडी में आई है, तो सरकार उसे खरीदने के लिए तैयार नहीं है। किसानों ने कहा कि यह सरकार का दोहरा रवैया है। अनिरुद्ध ने जूई मंडी में चेयरमैन की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंडी चेयरमैन उस व्यक्ति को बनाया है जो सड़क घोटाले में विवादित रहा है। उन्हें अंदेशा है कि कहीं किसानों का बाजरा भी कागजों में न बेच खाए।