भिवानी। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। मानसून के दौरान बारिश से राखियों के भीगने और खराब होने के जोखिम को समाप्त करने के लिए डाक विभाग ने 10 रूपए जीएसटी सहित में विशेष वॉटरप्रूफ लिफाफे तैयार किए हैं। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश के हर डाकघर में 25 रूपए में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया गया है। डाक अधीक्षक के अनुसार, विशेष रूप से डिजाइन किए गए इस वॉटरप्रूफ लिफाफे पर बारिश का कोई असर नहीं पड़ता। त्यौहार पर भीड़ को नियंत्रित करने और बहनों का समय बचाने के लिए बड़े डाकघरों में अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर डिलीवरी में 3 से 5 दिन लगते हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय पते के लिए अतिरिक्त समय आवश्यक है। अंतिम समय की भीड़ और देरी से बचने के लिए लोग अपनी राखियां समय रहते जल्दी बुक करा लें। आजादी के अमृत काल के तहत प्रधानमंत्री के हर घर तिरंगा आह्वान को सफल बनाने के लिए सभी शहरी व ग्रामीण डाकघरों में तिरंगा बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है। जो लोग डाकघर जाने में असमर्थ हैं, वे डाक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल से भी 25 रूपए में तिरंगा घर मंगवा सकते हैं।