भिवानी। शहर के भीम खेल परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल बड़े ही धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर सुबह नौ बजे राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर डीएसपी अनूप कुमार के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट्स की टुकड़ियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए शानदार मार्च पास्ट किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, म्यूजिकल योगा, राजस्थानी नृत्य, हरियाणवी लोकनृत्य तथा, राणा पद्मावती का जौहर जैसी भव्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हलवासिया विद्या विहार, सैनिक स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने सधे हुए अंदाज में डंबल, लेजियम और पीटी का आकर्षक प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने स्वतंत्रता सेनानियों व अमर शहीदों की कुर्बानी को नमन करते हुए जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को भीम स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर लोहारू में विधायक सुनील सांगवान, तोशाम में विधायक घनश्याम सर्राफ और सिवानी में कपूर सिंह वाल्मीकि ध्वजारोहण करेंगे। रिहर्सल के दौरान प्रवर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी महेश कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे