भिवानी। संयुक्त मोर्चा केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर बिजली क्षेत्र के निजीकरण, स्मार्ट मीटर योजना एवं एग्री डिस्कॉम के विरोध में प्रस्तावित 11, 12 एवं 13 अगस्त 2026 की राष्ट्रव्यापी हड़ताल से पूर्व वीरवार को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के लोहारू बिजली बोर्ड प्रांगण में तीन दिवसीय रोष प्रदर्शन एवं धरने का शुभारंभ किया गया। यह धरना 6, 7 एवं 8 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। धरने की अध्यक्षता चारों यूनियनों के सब यूनिट प्रधानों ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर लोहारू के एसडीओ मनोज कुमार भी धरने में शामिल हुए और कर्मचारियों के साथ बैठकर अपना समर्थन व्यक्त किया। मंच का संचालन पूर्व यूनिट सचिव नरेंद्र ने किया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की निजीकरण संबंधी नीतियों, स्मार्ट मीटर योजना तथा एग्री डिस्कॉम व्यवस्था का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से केवल कर्मचारियों के हित प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि सबसे अधिक नुकसान आम बिजली उपभोक्ताओं को उठाना पड़ेगा। वक्ताओं ने कहा कि एग्री डिस्कॉम लागू होने से किसानों को मिलने वाली कृषि बिजली सब्सिडी समाप्त हो सकती है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और बिजली के बिल भी काफी अधिक आने लगेंगे।