भिवानी में रेबीज के संक्रमण से मर रही गायों की मौत पर गो रक्षकों का सब्र जवाब दे गया। वीरवार को गो रक्षा दल भिवानी सदस्यों ने लघु सचिवालय के बाहर धरना दे दिया। इस दौरान गाड़ी में तीन मृत गायों को भी धरना स्थल पर ही रखा गया। गो रक्षा दल सदस्यों ने जिला प्रशासन व नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। लघु सचिवालय के बाहर धरना देकर रोष जता रहे गोरक्षकों का आरोप है की भिवानी शहर में रेबीज का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिसके हर रोज कई बेसहारा कुत्ते व उनके काटने से गाय व नंदियों को मौत हो रही है। बावजूद इसके नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी गहरी नींद में हैं। गोरक्षा दल जिला अध्यक्ष संजय परमार ने बताया कि शहर में कोई भी बेसहारा पशु रेबीज से संक्रमित होता है तो नगर परिषद के अधिकारी हर किसी को गो रक्षकों से संपर्क करने को कहते हैं। जबकी हमारे पास संक्रमित पशु को बचाने या उसे काबू करने के कोई संसाधन नहीं। वहीं नगर परिषद के कर्मचारी व अधिकारी मोटा वेतन लेते हैं, उनके पास बजट है व संसाधन। पर वो हाथ पर हाथ रखकर सोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इस समस्या का हल नहीं होगा, उनका ये धरना व आंदोलन जारी रहेगा। वहीं करीब दो घंटे बाद गो रक्षकों के धरने पर जिला परिषद के सीईओ अजय चोपड़ा धरना स्थल पर पहुचे। उन्होंने तुरंत मौके पर ही नगर परिषद के डीएमसी को फोन किया। जिन्होंने आश्वासन दिया कि वो ईओ को कह कर तुरंत समाधान करवाएंगे।