करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये पिछले दो सालों से हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद पंचकुला में जमा हैं, ये पैसा गांव चांग के राजकीय कन्या स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए आए हुए हैं। लेकिन स्कूल शिक्षा परिषद के अधिकारी अभी भी औपचारिकता में उलझे हैं, जिसकी वजह से गांव की बेटियां दो पारियों में विद्यालय पहुंचने पर मजबूर हैं। गांव में बना करीब 50 साल पुराना दो मंजिला स्कूल भवन अब जर्जर होने की वजह से असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। भवन निर्माण की कवायद को आगे बढ़ाने में गांव की शिक्षा कमेटी भी चक्कर लगाकर थक चुकी है। दरअसल गांव चांग में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गांव चांग निवासी लाॅर्ड स्वराज पाॅल के परिवार ने कन्या स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए लार्ड स्वराज पाल परिवार की तरफ से स्कूल शिक्षा परिषद को दो साल पहले करीब साढ़े तीन करोड़ रुपया भी दे दिया था। स्कूल भवन निर्माण करवाने के लिए गांव चांग के मौजिज लोगों की 21 सदस्यीय कमेटी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से मिल चुकी है। लेकिन अब इस मामले में कोई कार्रवाई न होती देख कमेटी अपने घर बैठ गई है। 21 सदस्यीय कमेटी समाधान शिविर के लावा सीएम विंडो में अपनी शिकायत भी दर्ज करवा चुकी है।