भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद धर्मबीर चौधरी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा और आक्रामक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का अनादर किया गया है, जो पार्टी की उस मानसिकता को उजागर करता है जो देश के राष्ट्रीय सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को राजनीतिक चश्मे से देखती है। सांसद ने कहा कि इस घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी और सोनिया गांधी को देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। वंदे मातरम के अपमान के विरोध में भाजपा जिला भिवानी की ओर से एक तीव्र प्रतिवाद दर्ज कराते हुए कैंडल मार्च निकाला गया। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में यह मार्च पंडित नेकी राम पुस्तकालय से शुरू होकर नेहरू पार्क तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् के गगनभेदी जयघोष लगाए और राष्ट्रगीत की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।