भिवानी। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को लोहारू में जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली की शुरुआत पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारू से हुई। रैली को लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर तथा देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर लोहारू के मुख्य बाजार एवं विभिन्न मार्गों से गुजरी। विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’, भारत माता की जय सहित देशभक्ति के नारों के माध्यम से लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एसडीएम मनोज दलाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।