भिवानी के भीम स्टेडियम में 4 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सेना की तरफ से सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इस भर्ती में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिलों के लिखित परीक्षा उत्तीर्ण युवा फिजिकल टेस्ट के लिए भाग लेंगे। सभी अभ्यार्थियों को पहले ही एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। अग्निवीर बनने के लिए 1600 मीटर की दौड़ लगाने के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करनी होगी। सोमवार को भीम स्टेडियम में युवाओं का महाकुंभ जुटेगा। कुछ युवा रविवार रात से ही स्टेडियम में पहुंचना शुरू हो चुके हैं। सभी जिलों के युवाओं को भर्ती शेड्यूल के हिसाब से बुलाया गया है। जिलों की तहसील वाइज 4 से 14 नवंबर तक युवाओं को पहुंचने के लिए एडमिट कार्ड के जरिए सूचित किया जा चुका है।