बारहवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के बाद मनपसंद कॅरियर बनाने की दिशा में भी व्यक्तित्व की अहम भागेदारी सहायक प्रोफेसर डॉ वंदना वत्स और डॉ श्रुति रानी ने दिए छात्राओं को टिप्स भिवानी। शहर के टीआईटी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बारहवीं कक्षा की छात्राओं के लिए व्यक्तित्व विकास पर अमर उजाला की तरफ से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैश्य महाविद्यालय भिवानी के अंग्रेजी विभाग से सहायक प्राध्यापिका डॉ वंदना वत्स ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की, वहीं वैश्य कॉलेज भिवानी में (एचओडी) गणित की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रुति रानी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद मनपसंद कॅरिअर चुनने में व्यक्तित्व के महत्व के बारे में जानकारी देना था। सहायक प्रोफेसर वंदना वत्स और श्रुति रानी ने छात्राओं को सफल कॅरिअर के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों से अवगत कराते हुए डॉ वंदना वत्स ने बताया कि आत्मविश्वास, प्रभावी संचार और सकारात्मक दृष्टिकोण कॅरिअर निर्माण में सहायक होते हैं। उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें निखारने के लिए प्रेरित किया। डॉ श्रुति रानी ने कॅरिअर विकल्पों पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे सही व्यक्तित्व उन्हें इन विकल्पों में सफल बना सकता है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी। सत्र के दौरान छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनके सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए। विद्यालय प्राचार्य डॉ डीपी कौशिक ने अमर उजाला के इस कार्यक्रम को बच्चों के लिए बहुत उपयोगी बताया। वहीं वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सत्र छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। यह कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। व्यक्तित्व विकास केवल कॅरिअर के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। छात्राओं को बताया गया कि वे अपनी रुचियों और क्षमताओं के अनुसार कॅरिअर का चुनाव करें। कार्यक्रम में विद्यालय की कामर्स पीजीटी सीमा शर्मा, अंग्रेजी प्रवक्ता रविता रानी, फिजिक्स प्रवक्ता अनु शर्मा सहित छात्राओं ने भागेदारी की। -----------------------------------------------