भिवानी। नवोदय विद्यालय देवराला में पढ़ने वाले 10वीं क्लास के एक विद्यार्थी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक स्कूल के हॉस्टल में ही रहता था। स्कूल स्टाफ का कहना है कि देर रात करीब 1:30 बजे वह फंदे पर लटका हुआ मिला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक 16 वर्षीय दीपांशु गांव धनाना का रहने वाला था अस्पताल पहुंचे दीपांशु के परिवार ने आरोप लगाया कि उनका बच्चा सुसाइड नहीं कर सकता। दो दिन पहले ही उनकी उससे फोन पर बात हुई थी। सब कुछ ठीक था। उसके हाथ और गले पर निशान हैं। उसकी हत्या हुई है। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दीपांशु की मां रीना ने बताया कि मेरे दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी आरती शादीशुदा है, जबकि छोटा बेटा दीपांशु देवराला स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं क्लास का छात्र था। जून में गर्मी की छुट्टियों के दौरान वह घर आया हुआ था। छुट्टियां खत्म होने के बाद 30 जून को वह वापस स्कूल चला गया था। दीपांशु छठी क्लास से ही नवोदय विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। रीना ने बताया कि दीपांशु हमेशा खुश रहता था।