लोहारू क्षेत्र के सूरजगढ़ रोड स्थित ढाणी धोलिया कुआं के पास सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें करीब 10 वर्षीय मासूम बालक सुमित की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सुमित कक्षा 5वीं में सरकारी स्कूल में पढ़ता था और स्कूल की छुट्टी होने के बाद पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान मेन सड़क पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बालक को उठाया और एंबुलेंस की सहायता से लोहारू के उपनागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुमित को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह दुखद समाचार परिवार को मिला, घर में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार सुमित बेहद गरीब परिवार से संबंध रखता था। वह दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। सुमित के पिता रिक्शा चलाकर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया गया है कि कुछ ही दिन पहले इस परिवार का घर भी अज्ञात कारणों से जलकर राख हो गया था, जिससे परिवार पहले ही भारी संकट से जूझ रहा था। अब मासूम बेटे की असमय मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। घटना की सूचना मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा वाहन चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।