छह पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवारी और कानूनगो मंगलवार को भी धरने पर बैठे हैं। दी रेवन्यु पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर जिला के सभी पटवारी अंबाला सिटी में पटवारखाना परिसर में सांकेतिक धरने पर बैठे रहे। इस हड़ताल के चलते सभी तहसीलों में इंतकाल से लेकर पैमाइश तक के सभी महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे। जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसोसिएशन ने कहा है कि यदि सरकार ने जल्द सुनवाई नहीं की, तो यह सांकेतिक धरना अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल सकता है। जिला प्रधान राजेश ने कहा कि एसोसिएशन ने सरकार के सामने चार मांगें रखी हैं जिसमें निलंबित किए गए छह पटवारियों को तुरंत बहाल किया जाए, पटवारियों की तर्ज पर कानूनगो को भी तीन इंक्रीमेंट का लाभ दिया जाए, नवनियुक्त पटवारियों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हो, रोबर मशीन से पैमाइश के लिए कानूनगो को पूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए।