सनातन धर्म कन्या महाविद्यालय परिसर में शत चंडी महायज्ञ एवं देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन शुरू हो गया। शुक्रवार की सुबह छावनी के हिल रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से ढोल नगाड़ों के साथ कलश यात्रा और शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा में सबसे आगे ढोल नगाड़ों के साथ श्रद्धालु झंड़ा लेकर चल रहे थे, इसके बाद पालकी में मां दुर्गा की तस्वीर लेकर श्रद्धालु जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। इसके पीछे करीब सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश रखकर चल रहीं थी। इसके बाद यह शोभायात्रा निकलसन रोड से सदर बाजार, डीसी रोड से होते हुए सनातन धर्म कन्या महाविद्यालय के परिसर में पहुंची। यहां पर श्रद्धालुओं ने पालकी और महिलाओं ने कलश के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा की। परिक्रमा के बाद पालकी को यज्ञशाला में स्थापित किया। इसके बाद दोपहर एक बजे यज्ञशाला में बनाए गए 21 हवन कुंडों में अरणी मंथन से अग्ननी प्रज्ज्वलित की गई। इन हवन कुंडों में विधि विधान से आहुतियां डलवाई गई। दोपहर तीन बजे से छह बजे तक देवी भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ किया गया। इस देवी भागवत महापुराण कथा में कथावाचक कमलनयन महाराज ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया।