स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को लेकर रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन का चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान बम डिस्पोज स्क्वायड के साथ डॉग स्क्वायड, आरपीएफ व जीआरपी की टीमें भी मौजूद रहीं। लगभग 50 से अधिक कर्मचारियों ने इस अभियान में सहयोग दिया। टीम ने रेलवे परिसर, पार्किंग सहित डस्टबिन को भी खंगाला, वहीं पार्सल कार्यालय और यात्रियों के सामान की भी जांच की। इस दौरान टीम ने प्लेटफार्म पर आई कुछ ट्रेनों को भी चैक किया। मौके पर मौजूद आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, सादी वर्दी में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, वहीं सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है।