नन्यौला रोड स्थित पंजौला गांव में वीरवार एनएआईए की टीम ने एक किसान विरेंद्र सिंह के घर में दबिश दी। सुबह 4 से 9 बजे तक टीम घर पर रही और किसान का खाता व मोबाइल भी खंगाला। टीम की दबिश के बाद पूरे गांव में हलचल मच गई। सूचना पाकर नन्यौला चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। दबिश के बाद टीम बिना किसी को संग लिए वापस लौट गई। नन्यौला चौकी प्रभारी एएसआई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि टीम एक आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुई राशि की जांच करने के लिए आई थी। संबंधित किसान के एक विदेश में बैठे दोस्त से भी फोन पर राशि के बारे में पूछताछ की। किसान विरेंद्र सिंह की कॉल हिस्ट्री आने के कारण टीम ने पूछताछ की थी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टीम कोई दस्तावेज भी अपने संग लेकर गई है कि नहीं। किसान विरेंद्र सिंह खेतीबाड़ी करता है और गांव में किराये पर ट्रैक्टर-ट्राली भी चलाता है।