सिटी की नई सब्जी मंडी में मंगलवार सुबह चोरों ने एक साथ पांच दुकानों के ताले चटकाए। तीन दुकानों की अलमारी में रखी 90 हजार रुपये की नकदी ले उड़े तो वहीं दो दुकानों के महज ताले टूटे। कुछ ही देर बाद आढ़तियों के आने पर चोरी का खुलासा हुआ। सीसीटीवी खंगाले तो फुटेज में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। एक ने मफरल तो दूसरे ने सिर पर हेलमेट डाल रखा था। युवक ने हाथ में लोहे की राॅडनुमा हथियार से दुकान के अंदर शीशे के दरवाजे का ताला और फिर अलमारियों के लॉकर तोड़कर नकदी चुराई। इस वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर आकर सुराग जुटाने शुरू कर दिए। चोरी के समय काम में व्यस्त थे आढ़ती सब्जी मंडी की शॉप नंबर 4 के दुकानदार आशीष ठकुराल ने बताया कि करीब 30 हजार रुपये की चोरी हो गई। इसी तरह से दो अन्य दुकानों से भी हजारों की नकदी चोरी हुई है। सब्जी मंडी प्रधान अमरनाथ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आकर देखा तो पांच दुकानों के ताले टूटे पड़े थे। आढ़तियों के पास हजारों रुपये का कैश होता है। सुबह 5 बजे मंडी आने के बाद वह पैसे को दुकान के लॉकर में रख देते हैं। काम में व्यस्त होने के कारण सुबह 8 बजे देखा तो ताले टूटे हुए थे। मंडी प्रधान ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई।