पुरानी रंजिश के चलते कैंट के टुंडला गांव में भूप्पी राणा गैंग से जुड़े अमन सोनकर के बदमाशों द्वारा वीरवार रात 10 बजकर 30 मिनट पर घर पर हमला कर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक रणधीर ने आरोप है कि 4 बाइक व 3 एक्टिवा सवार दर्जनभर बदमाशों ने घर पर आकर झगड़े के बाद पिस्टल से उस पर फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि वह बाल-बाल बच गया। आखिर में जान बचाने के लिए युवक व उनके साथियों ने हमलावरों को कांच की बोतलें मारकर भगाया। सूचना पाकर पंजोखरा थाना पुलिस सहित सीआईए 1 व 2 की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि पंजोखरा थाना पुलिस ने रणधीर की तहरीर पर सत्यम, शिवम, मोनू, आकाश, राजू व अन्य पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उधर, इस वारदात के बाद टुंडला गांव के पूर्व सरपंच बिल्लू ने भी रोष जताया है। बोले कि बदमाश गांव तक आ रहे हैं। इस संबंध में वह परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज व पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह से मुलाकात करेंगे।