हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को सरकार की विदेश नीति को लेकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में भारत की विदेश नीति अभूतपूर्व रूप से सफल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 27 से अधिक देशों द्वारा उनके सर्वाेच्च राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जाना इस बात का प्रमाण है कि आज भारत की वैश्विक साख और प्रतिष्ठा ऐतिहासिक ऊंचाइयों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सकारात्मक छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रवक्ता लगातार भ्रामक बयान देते रहते हैं। इस प्रकार के बयान न केवल देशहित के विरुद्ध हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को कमजोर करने का प्रयास भी करते हैं।कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए अनिल विज ने कहा कि उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर दृष्टि डालनी चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में देश में आपातकाल लागू कर संविधान और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचल दिया गया था।