अंबाला। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज और जीएमएन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हरियाणा कला परिषद के सहयोग से तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। युवा एवं सांस्कृतिक विभाग तथा महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हुए इस समारोह में हरियाणवी लोक-संस्कृति की जीवंत छटा देखने को मिली। नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि लोक-संस्कृति हमारी पहचान और गौरव है। कलाकार प्रकाश मलिक व उनके दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। इस दौरान आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ना शिक्षा का अहम हिस्सा है। इस अवसर पर डॉ. चंद्रपाल पूनिया, डॉ. नेहा अग्रवाल, डॉ. रामलखन माली समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।