छावनी के बंधु नगर में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। यहां 80 वर्षीय अनसूया देवी अपने घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे वह घर के बरामदे में तसले में लकड़ियां जलाकर बिस्तर पर लेटी हुई हाथ सेक रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ीं और जलती आग उनकी चपेट में आ गई। गिरते ही उनके कपड़ों में आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा शरीर झुलसने लगा। आग की तपिश से तड़पती बुजुर्ग महिला चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उन्हें गंभीर हालत में छावनी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग का करीब 90 प्रतिशत शरीर झुलस चुका था। हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना बुजुर्ग की बेटी सौम्या ने दी, जो स्वयं छावनी नागरिक अस्पताल में वार्ड सर्वेंट के पद पर कार्यरत हैं।