अंबाला के सरसेहड़ी गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाली के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। मामला नगर परिषद के संज्ञान में आते ही तुरंत टीम को मौके पर भेजा गया और समस्या का समाधान करवाया गया। मौके पर मौजूद नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि सरसेहड़ी गांव में एक परिवार गली में नाली के निर्माण में बाधा डाल रहा था। इस कारण नालियों से पानी की निकासी सुचारु ढंग से नहीं हो पा रही थी। इस संबंध में जब शिकायत कार्यालय पहुंची तो मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करवाया गया। इस संबंध में लिखित में आश्वासन लिया गया है कि नाली के निर्माण में गांव का कोई भी व्यक्ति बाधा नहीं पहुंचाएगा। बाजार में चला पीला पंजा नगर परिषद की टीम ने अंबाला कैंट के हनुमान मार्केट में भी पीला पंजा चलाया। सदर थाने के पास यह कार्रवाई की गई। दुकान के बाहर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। वहीं दुकानदार को चेतावनी दी गई कि अगर उसने दोबारा से सड़क पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस के भी पुख्ता सुरक्ष प्रबंध रहे।