बांसगांव क्षेत्र के किशुनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय का शव बुधवार दोपहर तीन बजे पैतृक गांव पहुंचा। कमलेश सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर काम करते थे। शव के साथ उपजिलाधिकारी बांसगांव मलखान सिंह और पुलिस बल भी गांव पहुंचा। शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। पत्नी रोते-रोते बेसुध हो जा रही थीं, वहीं दोनों बेटियों का भी रोकर बुरा हाल था। परिवार को सांत्वना देने के लिए बांसगांव ब्लॉक प्रमुख शिवाजी सिंह, पूर्व सांसद कमल किशोर, कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव गया प्रसाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहे। शव का अंतिम संस्कार बड़हलगंज स्थित मुक्तिधाम पर किया जाएगा।