मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 300 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्या लेकर आए लोगों को आश्वस्त किया हर व्यक्ति की समस्या का समाधान कराना संवेदनशील सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हर समस्या का निराकरण कराया जाएगा। हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। जनता दर्शन में लोगों की समस्या सुनने के साथ ही सीएम योगी पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते रहे कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण कराएं। इसमें किसी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।