दिल्ली-एनसीआर में रविवार को भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल नजर आए। दिल्ली में असल तापमान के मुकाबले गर्मी अधिक महसूस की गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हीट इंडेक्स यानी ''''महसूस होने वाला तापमान'''' 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होती गई। धूप के चलते दिन में 11 बजे के बाद से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल होने लगा। दोपहर एक-दो बजे लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का भी अहसास हुआ। हालांकि, बाद में कुछ स्थानों पर हल्के बादलों की आवाजाही हुई। इसके बावजूद मौसम गर्म बना रहा। इसके अलावा, रविवार के दिन इस महीने की पहली लू चली।