दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल ने हीट से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए पूरी तैयारी कर ली है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि किसी भी तरह की गर्मी से जुड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। अस्पताल में विशेष मेडिकल टीमें बनाई गई हैं और दवाओं, कूलिंग सिस्टम और आपातकालीन सुविधाओं को पूरी तरह तैयार रखा गया है। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी हर समय अलर्ट मोड पर हैं, ताकि हीट एक्सॉशन, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसे मामलों का तुरंत इलाज किया जा सके। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अभी तक गर्मी से संबंधित कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ है, लेकिन स्थिति को देखते हुए पूरी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, अस्पताल ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधान रहने की सलाह दी है।