ऑल द्वारका रेजिडेंट्स फेडरेशन (एडीआरएफ) ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट की कमी का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल, पेट्रोलियम मंत्री और डीडीए समेत आठ विभाग को पत्र लिखा है। इसमें फेडरेशन ने सभी आरडब्ल्यूए और सीजीएचएस सोसायटियों के फ्लैटों में ईवी चार्जिंग पॉइंट लगाना अनिवार्य करने की मांग की है। फेडरेशन के अध्यक्ष अजीत स्वामी की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पेट्रोल-डीजल और सीएनजी का इस्तेमाल कम करने पर एकमात्र विकल्प इलेक्ट्रिक वाहन बचते हैं। लेकिन, सरकार ने सार्वजनिक चार्जिंग पॉइंट के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं, जिससे लोग ईवी खरीदने से कतरा रहे हैं। एडीआरएफ ने मांग की है कि जिन भी सोसायटियों में लोग रहते हैं, वहां बिल्डरों के लिए हर फ्लैट में चार्जिंग पॉइंट लगाना अनिवार्य किया जाए। इससे निवासियों को ईवी चार्ज करने में परेशानी नहीं होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। फेडरेशन ने यह भी अनुरोध किया है कि केंद्र और राज्य सरकार के सभी अधिकारी जैसे डीएम, एडीएम और एसडीएम भी इलेक्ट्रिक वाहनों का ही इस्तेमाल करें, ताकि आम जनता को प्रोत्साहन मिले। यह पत्र उपाध्यक्ष डीडीए, मटियाला विधायक संदीप सेहरावत, सांसद कमलजीत सेहरावत, दिल्ली के मुख्य सचिव, उपराज्यपाल, पेट्रोलियम मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया है।