राजधानी को जाम से राहत दिलाने वाली प्रमुख परियोजनाएं इस साल पूरी होती नहीं दिख रहीं। इनका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन बचा हुआ काम कब तब पूरा होगा इसे लेकर असमंजस की स्थिति है। दरअसल, परियोजनाओं के अंतिम बचे हुए निर्माण कार्य में पेड़ों की अड़चन है। इन पेड़ों को काटने या फिर स्थानांतरण की जरूरत है। नियम यह है कि एक पेड़ काटने के बदले 10 पेड़ लगाए जाएं, लेकिन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास इतनी जमीन नहीं है जिसमें पेड़ लगाए जाएं। ऐसे में वन विभाग की तरफ से पेड़ काटने की अनुमति नहीं मिल पा रही है। विभाग की ओर से बीते साल पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी गई थी। हाल में पीडब्ल्यूडी और वन विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई जिसमें परियोजनाओं को पूरा करने में आ रही अड़चनों पर चर्चा की गई। अधिकारियों का कहना है परियोजनाएं पहले से ही कई कारणों से तय समय सीमा पार कर चुकी हैं। अड़चनों को दूर करने के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।