नमो भारत ट्रेन में सफर के दौरान परिवार से बिछड़े 10 वर्षीय बच्चे को एनसीआरटीसी की सतर्क टीम ने उसके माता-पिता से सुरक्षित मिला दिया। बच्चा मुरादनगर से आनंद विहार की ओर अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था, लेकिन रास्ते में वह परिवार से अलग हो गया था। मामला साहिबाबाद नमो भारत स्टेशन का है। स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों ने दिल्ली की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म पर बच्चे को अकेले देखा। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) को दी। इसी दौरान पता चला कि बच्चे के माता-पिता आनंद विहार स्टेशन पर उसे तलाश रहे हैं। इसके बाद साहिबाबाद और आनंद विहार स्टेशनों की टीमों ने आपस में संपर्क कर बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने की व्यवस्था की। स्टेशन कर्मचारियों ने बच्चे को अपनी निगरानी में रखा और लगातार उसके माता-पिता से संपर्क बनाए रखा। बाद में बच्चे को आनंद विहार नमो भारत स्टेशन लाया गया। यहां दिल्ली पुलिस ने जरूरी जांच और पहचान की पुष्टि करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया। नमो भारत कॉरिडोर पर इस तरह का यह दूसरा मामला सामने आया है।