ज्योति नगर इलाके में बृहस्पतिवार देर रात आर्थिक तंगी से परेशान एक दंपती ने फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों का शव अलग अलग कमरों में लटका हुआ मिला। मृतकों की शिनाख्त 55 साल के अजय कुमार दीक्षित और 50 साल की रीता दीक्षित के रूप में हुई। इनके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने बच्चों के कामयाब न होने व कर्ज से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात लिखी है। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों डिप्रेशन में थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप कर मामले की छानबीन कर रही है। उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात 12:05 बजे ज्योति नगर थाना पुलिस को वेस्ट ज्योति नगर के एक फ्लैट में दंपती के खुदकुशी की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस सी 41ए, चौथी मंजिल, वेस्ट ज्योति नगर पहुंची। पुलिस ने देखा कि एक कमरे में अजय कुमार फंदे से लटके हुए थे, जबकि दूसरे कमरे में रीता चुन्नी की मदद से फंदे पर लटकी हुई थी। जांच में पता चला कि अजय अपनी पत्नी और दो बेटों 29 साल के भास्कर और 25 साल के शरद के साथ यहां किराए के मकान में रहते थे। वह सोनिया विहार साढ़े तीन पुश्ता पर मेडिकल स्टोर चलाते थे। भास्कर पहले किसी निजी कंपनी में काम करते थे, लेकिन पिछले काफी समय से नौकरी छोड़ दी थी। वह पिता के साथ मेडिकल स्टोर पर ही बैठते थे। वहीं शरद एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।