राजधानी में छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली की हवा में जहर घुल सकता है। हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। ऐसे में प्रदूषक तत्व हवा को जहरीला बना रहे हैं। वहीं, हवा की दिशा बदलने व गति कम होने से राजधानी की आबोहवा बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 373 रहा, जोकि बेहद खराब श्रेणी में है। इसमें सोमवार के मुकाबले आठ सूचकांक की कमी दर्ज की गई। सुबह के समय आसमान में स्मॉग की चादर छाई नजर आई। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने तकलीफ महसूस की गई। डॉक्टर ने बच्चों महिलाओं व बुजुर्गों को घर में रहने की सलाह दी है साथ ही घर पर ही व्यायाम और सुबह की सैर करने के लिए मना किया है इसके अलावा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप घर से बाहर निकले तो, मास्क लगाकर ही निकले।