स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही राजधानी के बाजारों में जानलेवा चीनी मांझे की बिक्री जोर पकड़ रही है। प्रशासन की सख्ती से बचने के लिए दुकानदारों ने इसका नाम तक बदल दिया है। बाजार में सीधे चीनी मांझा मांगने के बजाय खरीदारों को धागा 101, धागा 555 जैसे कोड वर्ड बताकर बुकिंग की जा रही है। पहचान के ग्राहक को पहले से ऑर्डर देने के बाद तय जगह पर मांझा पहुंचाया जा रहा है। दिल्ली में इस जानलेवा मांझे की बिक्री का तरीका भी बदल गया है। अब यह दुकानों के काउंटर पर खुलेआम नहीं रखा जाता। कई जगह इसे सादे कागज में लपेटकर रखा जा रहा है। ग्राहक और दुकानदार के बीच कोड वर्ड तय होता है। इसके बाद मांझे की कीमत बताई जाती है और बुकिंग होने पर उसे दुकान से अलग स्थान पर पहुंचाया जाता है।